दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। समाजवादी पार्टी प्रदेश में निकाय चुनाव मजबूती के साथ लड़ेगी। जल्द ही संगठन का विस्तार कर प्रत्याशियों के चयन की प्रकिया शुरू हो जाएगी। उक्त बात प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पूर्व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव हरिद्वार जिले में सभा को संबोधित करेंगे।
रुड़की में शुक्रवार को रामनगर कोर्ट चौक के समीप पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद पोखरियाल ने कहा कि आगमी निकाय चुनावों को लेकर हरिद्वार जिले में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई हैं जिसमें जल्द ही संगठन का विस्तार कर प्रत्याशियों के चयन प्रक्रिया आदि पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा पूरे प्रदेश में आने वाले निकाय चुनाव के लिए मंथन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। शिक्षा स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों को नही मिल रही है। कहा कि भाजपा कांग्रेस दोनों ही दलों ने प्रदेश को लूटने का काम किया है। बताया कि अब सपा ही तीसरे विकल्प के रूप में जनता के बीच है और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी लोकसभा चुनाव से पूर्व हरिद्वार जिले में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि हरिद्वार जिले में आपदा के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने जनता के बीच रहकर कार्य किया और उन्हें मदद पहुंचाने का काम किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता शरद पांडेय,महासचिव समीर आलम, राजेंद्र पराशर आदि मौजूद रहे।