
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। नव वर्ष 2026 के पहले ही दिन पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए एक सराहनीय पहल की है। ऑपरेशन मोबाइल रिकवरी के तहत पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के 82 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली स्वामियों को लौटाए, जिससे पीड़ितों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई।


एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना पिरान कलियर क्षेत्र से यह सफलता हासिल की गई। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल बाजार कीमत करीब 16 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।मोबाइल खोने से मायूस हो चुके पीड़ितों में कलियर दरगाह में जियारत के लिए आए बाहरी राज्यों के जायरीन और स्थानीय निवासी शामिल थे। जैसे ही लोगों को उनके मोबाइल वापस मिले, उनके चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई को CEIR पोर्टल की मदद से अंजाम दिया, जो खोए या चोरी हुए मोबाइल की रिकवरी में लगातार कारगर साबित हो रहा है। पुलिस न केवल अपराध और नशा तस्करी पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है, बल्कि आमजन की सहायता के लिए भी निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है।थाना पिरान कलियर पुलिस द्वारा विगत वर्ष में अब तक करीब 220 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं,
जिनकी कुल कीमत लगभग 33 लाख रुपये है। सभी मोबाइल विधिवत उनके स्वामियों के सुपुर्द किए गए।नव वर्ष के अवसर पर पुलिस की यह पहल निश्चित रूप से आमजन के लिए एक खास और यादगार गिफ्ट साबित हुई है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है।इस सराहनीय कार्य में सीओ रुड़की नरेन्द्र पंत, थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, एसएसआई बबलू चौहान, हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी, होमगार्ड ललित कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies