
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर।थाना क्षेत्र के नागल पलुनी गांव में बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला होने लगा। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घरों की छतों से ईंट-पत्थर बरसाते लोग साफ नजर आ रहे हैं।


जानकारी के अनुसार दोपहर के समय बच्चों के बीच शुरू हुई नोकझोंक ने अचानक तूल पकड़ लिया। बच्चों के विवाद में बड़ों के शामिल होते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। एक पक्ष से रियासत, साहिब और गफ्फार घायल हुए जबकि दूसरे पक्ष से शहजाद और मुजफ्फर घायल हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो।इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली ने बताया कि सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।
तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो की भी जांच कर शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies