
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। स्थानीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना चौहान के निर्देशन में 'अतिथि देवो भव' की भावना के साथ दिन का शुभारंभ योग एवं प्राणायाम सत्र से हुआ।
प्रातःकालीन सत्र में मुख्य अतिथि रुड़की की प्रथम महिला मेयर अनीता अग्रवाल ने "मेरा वोट, मेरा अधिकार" विषय पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने छात्राओं को एक जागरूक नागरिक बनने और मतदान की शक्ति को समझने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा गर्ग ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा वर्ग ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का वाहक है। वहीं, महाविद्यालय प्रबंधन के सचिव श्री सौरभ भूषण ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की युवा शक्ति ही देश को आत्मनिर्भर और 'विश्व गुरु' के पद पर प्रतिष्ठित करेगी।

मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए स्वयंसेवियों ने आकर्षक रंगोली बनाई, जिसने सभी का ध्यान खींचा। इसके पश्चात, द्वितीय सत्र में पुस्तकालय प्रभारी श्रीमती प्रीति शर्मा ने 'डिजिटल लिटरेसी' पर व्याख्यान दिया। उन्होंने आधुनिक पुस्तकालय सेवाओं और डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग की बारीकियों से छात्राओं को अवगत कराया।

सांयकालीन सत्र में एडवोकेट सुधांशु शर्मा ने कामकाजी महिलाओं के लिए ईएसआईसी (ESIC) और विधिक साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक किया।दिन के अंतिम चरण में स्वयंसेवियों ने गोद लिए गए ग्राम मोहनपुर में एक विशाल 'मतदाता जागरूकता रैली' निकाली। नारों और संवाद के माध्यम से ग्रामीणों को निष्पक्ष मतदान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की शपथ दिलाई गई।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies