
दैनिक रुड़की (फिरोज खान):::
मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने तमंचा लहराते हुए घूम रहे तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र की चौकी नारसन पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक ग्राम मोहम्मदपुर में तमंचा लहराते हुए घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नारसन ने चेतक कर्मियों के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद तीनों अभियुक्तों को नियमानुसार मौके से गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनेजा पुत्र सुभाष, ऋतिक पुत्र सुभाष एवं दीपक पुत्र रफत सिंह, निवासी ग्राम हरजौली जाट, मंगलौर के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम में चौकी प्रभारी नारसन हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल पंकज कुमार एवं कांस्टेबल सुधीर कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies