दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। मित्र पुलिस का मानवीय चेहरा एक बार फिर देखने को मिला, जब पटियाला लस्सी की दुकान के पास एक 11 वर्षीय बालक लावारिस हालत में खड़ा मिला। बालक राहगीरों से खाने-पीने की चीजें मांग रहा था। उसकी स्थिति देखकर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उससे जानकारी जुटाई।
पूछताछ में बालक ने अपना नाम गिरधारी (काल्पनिक) पुत्र स्व. राजेश व माता स्व. अंजू, निवासी ग्राम ठाकुरबाड़ी, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) बताया। पुलिस टीम उसे सिविल लाइन कोतवाली लेकर आई, जहां उसकी काउंसलिंग कराई गई और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
इसके बाद बालक को उचित संरक्षण दिलाने के लिए बाल कल्याण समिति, रोशनाबाद हरिद्वार के समक्ष पेश किया गया। वहां भी काउंसलिंग के दौरान बालक के परिजनों के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। बाल कल्याण समिति के आदेश पर बच्चे को खुला आश्रय गृह, कनखल में संरक्षण दिलाया गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर बालक के परिजनों की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई है। ऑपरेशन स्माइल के तहत गठित इस टीम में अपर उप निरीक्षक गजपाल राम, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल बृजेश और महिला कांस्टेबल कविता शामिल हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies