
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
भगवानपुर/रुड़की। ग्राम बिनारासी में एक फरवरी को हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में भगवानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 11 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार रविदास जयंती शोभायात्रा के सकुशल संपन्न होने के बाद शाम करीब पांच बजे पुरानी रंजिश के चलते आरोपी विशाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव के युवक आनंद को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित आनंद पक्ष के लोगों ने विशाल के चाचा मांगेराम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान विशाल पक्ष के घरों में आगजनी और तोड़फोड़ भी की गई, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया।
दोनों पक्षों की तहरीर पर भगवानपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए। मृतक मांगेराम के पुत्र जोनी की तहरीर पर अनुज समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, जबकि मृतक आनंद के पिता लक्ष्मीचंद की तहरीर पर विशाल व अन्य के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने गांव में पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए और कुछ पुलिस कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की। साथ ही विशेष टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए गए।
पुलिस टीम ने चार फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मुकदमा 65/2026 में हुस्नलाल, अक्षय, सुनील, भूपेंद्र, टिकू, रोहित, असकेन्द्र और अवनेश उर्फ हनुमान को गिरफ्तार किया। वहीं विशाल, हिमांशु और निखिल को पकड़ा गया।
यह था हत्या का कारण..
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल को शक था कि मृतक आनंद के उसकी बहन से संबंध हैं। इसी शक में उसने साथियों के साथ मिलकर आनंद की हत्या कर दी। इसके बाद बदले की भावना में आनंद पक्ष ने मांगेराम की पीट-पीटकर हत्या कर दी।पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies