News

2/6/2026 6:11:09 PM

7 फरवरी को रुड़की में महा स्वच्छता अभियान, प्रशासन-नगर निगम ने कसी कमर...


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::

रुड़की। नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श शहर के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से आगामी 7 फरवरी को जिला प्रशासन एवं रुड़की नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से महा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर आज नगर निगम सभागार में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक दीपक रामचंद्र सेठ, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, रुड़की की देखरेख में संपन्न हुई। बैठक में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सामाजिक एवं शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारी, व्यापारी वर्ग तथा बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी शामिल रहे।

पत्रकारों को जानकारी देते हुए राकेश चंद्र तिवारी, मुख्य नगर आयुक्त, रुड़की नगर निगम ने बताया कि यह महा स्वच्छता अभियान मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रदेशभर में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नगर निगमों एवं नगर निकायों को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर रैंक दिलाना है, वहीं हरिद्वार जनपद को मॉडल सिटी के रूप में नंबर-वन रैंक पर पहुंचाना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को रुड़की नगर के विभिन्न क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। इस अभियान में व्यापारियों, शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, उनके स्टाफ, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का बयान

इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि “शहर की स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन, नगर निगम और समाज के सभी वर्ग मिलकर यदि कार्य करें तो रुड़की को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है। महा स्वच्छता अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना है। हमें विश्वास है कि नागरिकों के सहयोग से रुड़की नगर प्रदेश में एक आदर्श मॉडल सिटी के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies