दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। बेडपुर स्थित सिल्वर क्राउन फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से निकलने वाले गंदे और जहरीले पानी से फसलों को हो रहे भारी नुकसान को लेकर किसानों द्वारा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की से की गई शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार अनिल कांबोज ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और कंपनी से खेतों की ओर जा रहे दूषित पानी को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।
नायब तहसीलदार अनिल कांबोज ने बताया कि किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कंपनी से निकलने वाला गंदा पानी खेतों में पहुंच रहा था, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा था। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पानी की निकासी को बंद कराया गया है।उन्होंने बताया कि संबंधित लेखपालों को फसलों को हुए नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दे दिए गए हैं। लेखपालों द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट कृषि विभाग को भेजी जाएगी। कृषि विभाग की जांच के बाद किसानों को फसल क्षति के अनुसार उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies