News

2/11/2026 12:58:41 PM

हरिद्वार में सख्ती: पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के मुद्दा उठाने के बाद अवैध वाहनों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, लक्सर में सघन चेकिंग अभियान..

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


हरिद्वार/लक्सर। जनपद हरिद्वार में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और अवैध रूप से संचालित वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के स्पष्ट निर्देश पर लक्सर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में हुई दुर्घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में बेहद गंभीर और निर्णायक कदम माना जा रहा है। शासन स्तर से भी स्पष्ट संकेत दिए गए हैं कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों और अवैध खनन से जुड़े डंपरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने सड़कों पर उतरकर बिना नंबर प्लेट, ओवरलोड तथा नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की।

अभियान का नेतृत्व एआरटीओ कृष्ण चंद्र पलड़िया द्वारा किया गया, जबकि एआरटीओ कृष्ण कुमार पडियाल भी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर जांच कार्रवाई की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से संचालित भारी वाहनों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।अब तक 10 से 20 वाहनों को सीज किया जा चुका है, जबकि कई वाहनों के चालान भी काटे गए हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह कार्रवाई एक दिन की औपचारिकता नहीं बल्कि निरंतर अभियान का हिस्सा है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में हो रही जनहानि को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे।दो दिन पूर्व खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने सोशल मीडिया के माध्यम से बिना नंबर प्लेट सड़कों पर दौड़ रहे अवैध खनन से जुड़े डंपरों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।

उन्होंने वीडियो जारी कर शासन-प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की थी और चेतावनी दी थी कि यदि प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो वह मुख्यमंत्री से मिलकर इस मामले को उठाएंगे।पूर्व विधायक द्वारा मामला सार्वजनिक किए जाने के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए व्यापक चेकिंग अभियान शुरू किया, जिसे अब जिलाधिकारी के निर्देश पर तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।

जिले में इस कार्रवाई को एक सख्त और प्रभावी प्रशासनिक हस्तक्षेप के रूप में देखा जा रहा है, जिससे अवैध खनन और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies