News

2/11/2026 2:39:54 PM

मिट्टी से भरे डंपरों के खिलाफ कलियर में प्रदर्शन-कार्रवाई न होने पर लोगों में रोष...

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। क्षेत्र में मिट्टी से भरे ओवरलोड डंपरों के लगातार आवागमन से नाराज़ स्थानीय लोगों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा।स्थानीय लोगों ने आबादी क्षेत्र से गुजर रहे दर्जनों डंपरों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया।


विरोध करने वालो का कहना है कि खनन से जुड़े डंपर बिना तिरपाल ढके तेज रफ्तार से आबादी वाले मार्ग से गुजरते हैं, जिससे उड़ने वाली धूल ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सड़क पर धूल का गुबार छा जाने से बाइक सवारों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार आंखों में धूल जाने से वाहन चालक फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।स्थानीय निवासी सनव्वर, जुल्फुकार, इंतजार, शाहरुख, सहरान, महताब, अली, सलमान, समीर और सहनवाज आदि ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।उन्होंने मांग की कि खनन से जुड़े वाहनों का आबादी क्षेत्र से गुजरना तत्काल बंद किया जाए। यदि किसी कारणवश गुजरना आवश्यक हो तो वाहनों को पूरी तरह तिरपाल से ढककर और निर्धारित गति सीमा के भीतर ही चलाया जाए। साथ ही ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे और जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies