News

2/11/2026 3:23:16 PM

बिजली समस्याओं को लेकर किसानों का अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना, छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। विद्युत विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (रोड) के पदाधिकारियों और किसानों ने बुधवार को अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल, रुड़की कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की।

धरने का नेतृत्व करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बार-बार बिजली छापेमारी से किसान परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो यूनियन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रहे हैं, ऐसे में अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टिंग और रात के समय छापेमारी से किसानों में भय का माहौल है। कई स्थानों पर बिजली की लाइनें नीचे लटक रही हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर किसानों को ट्यूबवेल की बिजली मुफ्त दी जाए और घरेलू कनेक्शनों पर लगाई गई पेनल्टी हटाई जाए।

किसानों की प्रमुख मांगों में ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर न लगाए जाने, रोस्टिंग बंद करने, रात में छापेमारी रोकने, झूलती बिजली लाइनों को ऊपर उठाने व जरूरत के अनुसार पोल लगवाने, ट्यूबवेल बिजली मुफ्त करने तथा घरेलू कनेक्शनों पर पेनल्टी हटाने की मांग शामिल है।इस दौरान महासचिव विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष प्रदीप त्यागी, राकेश अग्रवाल, जावेद अली, मुबारिक सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies