News

2/14/2026 8:00:20 PM

शेफील्ड स्कूल रुड़की में दो दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘अनुभूति’ का भव्य शुभारंभ--बच्चों ने किए संस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत..

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर।शेफील्ड स्कूल रुड़की में शनिवार को दो दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘अनुभूति’ समारोह का शुभारंभ बड़े उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एएसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता स्कूल के चेयरमैन राहुल विश्नोई और निदेशक डी.के. शर्मा ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। इसके बाद प्ले ग्रुप, नर्सरी, एलकेजी से लेकर कक्षा पांचवीं तक के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बच्चों ने उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में गढ़वाली, राजस्थानी और बॉलीवुड गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। ‘रंगीले म्हारे डोलना’, ‘बम-बम भोले’ सहित विभिन्न गीतों पर प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने आर्मी के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे विषयों पर लघु नाटिकाएं प्रस्तुत कर समाज को सार्थक संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।मुख्य अतिथि एएसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाती है। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता का विकास करते हैं। क्षेत्र और देश की प्रगति के लिए हर बच्चे का शिक्षित और संस्कारित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. रुचि रावत ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए गत वर्ष की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर भी पुरस्कार अर्जित किए हैं। निदेशक डी.के. शर्मा ने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर सीबीएसई की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शिक्षकों को भेजा जाता है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो सके। चेयरमैन राहुल विश्नोई ने समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की तैयारियों में रिहान, अंकुश सैनी, बुशरा रहमान, रेशुका भारद्वाज, मोनिका त्यागी, विश्व विजय, सरिता चंद्रा, रुचि दरगन, स्वेता जैन, जेबा, संतोषी रावत, एकता, पारुल, सृष्टि, शालिनी, नुजहत एवं अर्पणा सहित अन्य का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies