दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। आईआईटी परिसर स्थित गार्गी भवन में 15 फरवरी 2026 को एनसीसी के वरिष्ठ स्कन्ध (सीनियर डिवीजन/विंग) कैडेट्स के लिए ‘सी’ प्रमाण पत्र की लिखित परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में लगभग 731 कैडेट्स ने प्रतिभाग कर अपने तीन वर्षीय प्रशिक्षण का मूल्यांकन कराया।
एनसीसी विभाग के प्रशिक्षण अधीक्षक रवि कपूर ने बताया कि परीक्षा का आयोजन कर्नल वीरेंद्र नेगी एवं लेफ्टिनेंट कर्नल वीरेंद्र चौहान के निर्देशन में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा केंद्र पर अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।
लिखित परीक्षा में कैडेट्स से ड्रिल, मैप रीडिंग, वेपन ट्रेनिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, साथ ही करेंट अफेयर्स से संबंधित प्रश्न पूछे गए। यह परीक्षा कैडेट्स के तीन वर्षों के प्रशिक्षण और व्यावहारिक ज्ञान का आकलन करती है।
परीक्षा का निरीक्षण एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, रुड़की के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ‘सी’ प्रमाण पत्र कैडेट्स के लिए स्वर्णिम अवसर है। इसके माध्यम से योग्य कैडेट्स बिना लिखित परीक्षा दिए एसएसबी साक्षात्कार में सम्मिलित हो सकते हैं और चयनित होने पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद प्राप्त कर देश सेवा का अवसर पा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आगामी अक्टूबर माह में एसएसबी की तिथियां निर्धारित की गई हैं तथा मार्च में कैडेट्स को ‘सी’ प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।
परीक्षा के सफल संचालन में ले. (डॉ.) इंदरदीप सिंह, ले. (डॉ.) अपर्णा शर्मा, लेफ्टिनेंट एसएस नपलच्याल, ले. मुकेश कुमार, सूबेदार सुभाष चंद्रा, सूबेदार सुनील सिंह, सूबेदार राजेश कुमार, बीएचएम केशवानंद, सीएचएम कुलविंदर सिंह, हवलदार दीपक, हवलदार सुरजीत सिंह, वरिष्ठ सहायक कामनी मोहन नौटियाल, डीईओ संदीप बुड़ाकोटी एवं सेवानिवृत्त हवलदार धर्म सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies