दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
भगवानपुर। भगवानपुर क्षेत्र में महंत बृजेश दास की गुमशुदगी का मामला सनसनीखेज हत्या में तब्दील हो गया। नवनियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में भगवानपुर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने मामले का सफल खुलासा करते हुए दंपत्ति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार दस फरवरी को ग्राम मोहम्मद बेगपुर उर्फ टकाभरी निवासी श्याम सिंह ने तहरीर देकर बताया कि रविदास आश्रम में रहने वाले महंत बृजेश दास पांच फरवरी से लापता हैं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि महंत बृजेश दास का संपर्क बागपत निवासी एक महिला से था और आखिरी बार उसी से फोन पर बातचीत हुई थी।
पुलिस ने संदेह के आधार पर महिला और उसके पति से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में महिला ने बताया कि महंत उसके परिचित थे और अक्सर उसके घर आते-जाते थे। उसने बताया कि वह मानसिक और आर्थिक दबाव में थी। पांच फरवरी को उसने महंत को घर बुलाया और पूर्व नियोजित योजना के तहत अपने पति साथ मिलकर उसके पति ने कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी दंपत्ति ने अपने एक रिश्तेदार की मदद से शव और मोटरसाइकिल को कृष्णा नदी में बहा दिया। साथ ही, मृतक का मोबाइल फोन, खून से सने बिस्तर, कपड़े और शव लपेटने में इस्तेमाल की गई चादर को जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नदी किनारे से महंत बृजेश दास का शव बरामद किया।
साथ ही भूसे के ढेर में छिपाई गई हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोबाइल के अधजले पार्ट्स, बैटरी और जले हुए कपड़ों की राख भी बरामद की गई।गिरफ्तार आरोपियों में संजीव पुत्र स्व. रामपाल निवासी ग्राम गांगनौली, थाना दोघट, जिला बागपत (उ.प्र.), उसकी पत्नी तथा जोगेंद्र पुत्र स्व. रामपाल (वर्तमान निवासी सोनीपत, हरियाणा) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण, उपनिरीक्षक नीरज रावत, उपनिरीक्षक बालाराम जोशी, एएसआई मनोज कुमार, कांस्टेबल संजीव यादव,
उवैदउल्लाह, संजय पंवार, अनुपमा और सीआईयू रुड़की के महिपाल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।एसएसपी नवनीत सिंह ने खुलासे में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies