
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। दिल्ली रोड स्थित सेंट मार्क्स अकादमी, सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक अकादमिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मधुराका सक्सेना (पूर्व प्राचार्या, एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज रुड़की) एवं रोटरी क्लब रुड़की की अध्यक्ष रीना सैनी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

विद्यालय के निदेशक कुवर जावेद इकबाल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और अनुशासन का महत्व समझाते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने छात्रों को वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
निदेशक ने बताया कि वर्ष 2000 में स्थापित विद्यालय आज 25 वर्षों का सफल सफर तय कर एक मजबूत संस्थान के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने विद्यालय के पूर्व छात्रों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि शुभम चौधरी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुडो खिलाड़ी हैं तथा संदीप पाल जिम्नास्टिक के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। हालांकि खेल प्रदर्शन के दौरान संदीप पाल दुर्घटना का शिकार हो गए, जिनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
कार्यक्रम में प्रिया अग्रवाल ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि प्रधानाचार्या अजरा जावेद ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती वंदना, ब्लूमिंग स्टार डांस, राजस्थानी एवं पंजाबी नृत्य प्रमुख आकर्षण रहे, जिनसे उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। अंत में छात्र-छात्राओं को अकादमिक पुरस्कार एवं स्पोर्ट्स अवॉर्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन प्रिया अग्रवाल, शालिनी सक्सेना एवं फिरदौस खान के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सीनियर रोटेरियन सुभाष सरीन, प्रो. राजेश चंद्र, वीरेंद्र जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies