दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंग नहर के किनारे स्थित एक बाग में 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके से पुलिस को शव के पास ही एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। मोटरसाइकिल के आधार पर मृतक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से संपर्क कर शव की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।
मंगलौर के सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, शव का हुलिया घोसीपुरा से लापता एक व्यक्ति से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। पुलिस ने संबंधित परिजनों को मौके पर बुलाकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies