दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
धनौरी। नर्सिंग सेवा समर्पण और करुणा का जीवंत उदाहरण है तथा सेवा ही इसका परम धर्म है। यह बात हरिद्वार जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने मंगलवार को धनौरी स्थित हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस में आयोजित नर्सिंग छात्र-छात्राओं के शपथ ग्रहण एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही।उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का संकल्प है।
विद्यार्थियों को सेवा भाव को सर्वोच्च कर्तव्य मानते हुए मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सहानुभूति और करुणा के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को मन लगाकर अध्ययन करने और अपने कार्य के प्रति पूर्ण समर्पण रखने का आह्वान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं
।समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तरांचल नर्सिंग काउंसिल के पूर्व रजिस्ट्रार एवं पौड़ी नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य रामकुमार शर्मा ने कहा कि धनौरी का यह संस्थान उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कर रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर छात्र-छात्राएं देश-विदेश में अपनी सेवाएं देकर अलग पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विश्वभर में नर्सिंग पेशेवरों की मांग है और विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए।इस अवसर पर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. भूपेंद्र कौर ने भी विद्यार्थियों को नर्सिंग के मूल्यों पर चलते हुए सेवा और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।बेस्ट एकेडमिक परफॉर्मेंस के लिए सलोनी सैनी एवं खुशी पाल को प्रथम स्थान प्रदान किया गया।
प्री-दिवाली सेलिब्रेशन में सोफिया और दीप्ति को सम्मानित किया गया।मेहंदी प्रतियोगिता में इकरा, लवेश एवं रजनी को पुरस्कार मिले।पोस्टर एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सोफिया, प्रिंस, सिमरन, इकरा एवं रजनी को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर दीपमाला ने किया।
समारोह में कॉलेज प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुमन देवी, प्राचार्य मुनेंद्र सिंह, शिक्षकगण, अतिथि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।समारोह के उपरांत आयोजित फ्रेशर पार्टी में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies