दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
खानपुर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई मिसाल कायम करते हुए विधायक उमेश कुमार ने राज्य योजना के अंतर्गत टोड़ा आर्मी गेट से खटका बाइपास मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कराकर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है। यह मार्ग पिछले लगभग 20 वर्षों से जर्जर अवस्था में था और स्थानीय लोग लंबे समय से इसके निर्माण की मांग कर रहे थे।
यह सड़क टोडा कल्याणपुर, नंद कॉलोनी, खटका और नगला इमरती सहित आसपास के गांवों को जोड़ती है। खराब सड़क के कारण किसानों, स्कूली छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी।
स्थानीय लोगों द्वारा गुहार लगाए जाने के बाद विधायक उमेश कुमार ने राज्य योजना के अंतर्गत इस मार्ग को प्रस्तावित कराया और मात्र छह माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करवाया। आज इस मार्ग का विधिवत उद्घाटन विधायक द्वारा किया गया।
नगला इमरती चौराहे पर विधायक के पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया गया। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण को ऐतिहासिक कदम बताते हुए विधायक का आभार जताया।
विधायक उमेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies