दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की।चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रुड़की में नर्सरी से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। मधुर वंदना प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं मंच कौशल का विकास करना था। इस अवसर पर बच्चों ने कविता पाठ, एक्शन गीत, नृत्य तथा विविध रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और शिक्षकों का हृदय जीत लिया।
विशेष आकर्षण रही इमोजी डांस प्रतियोगिता, जिसमें बच्चों ने खुशी , आश्चर्य और हंसी जैसे भावों को रंग-बिरंगे परिधानों और सजीव अभिव्यक्तियों के साथ मंच पर जीवंत कर दिया। उनकी मासूम अदाओं और आत्मविश्वास ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
इसके पश्चात विभिन्न रोचक रेस प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें खरगोश दौड़, गाजर दौड़, फल दौड़, बॉल दौड़, रिंग दौड़, रस्सी-में-रिंग दौड़, रिंग संतुलन दौड़ तथा बनी दौड़ शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। नन्हे कदमों की तेज़ रफ्तार और लक्ष्य तक पहुँचने की लगन ने सभी का मन मोह लिया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
विद्यालय के प्रबंधक श्री अभिषेक चंद्रा, अध्यक्ष श्रीमती राखी चंद्रा तथा प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम चंद्रा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रारंभिक शिक्षा जीवन की सुदृढ़ नींव होती है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रीमती रेणु त्यागी, पिंकी, रेशु धीमान, वंशिका, अंशिका, गौरव सर, कुमकुम, मंजू धीमान, सबा एवं आमिर सहित समस्त स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies