
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
हरिद्वार। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के प्रथम चरण के आंदोलन के तहत बुधवार को जिला अधिकारी कार्यालय, हरिद्वार में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री को 27 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रेषित किया गया।
जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में महासंघ से जुड़े 18 इंजीनियरिंग विभागों के अभियंताओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। सभी अभियंताओं ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि शासन द्वारा उनकी लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो प्रांतीय कार्यकारिणी के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।
कार्यक्रम का संचालन जनपद सचिव मंगल सिंह नेगी ने किया, जबकि अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष अमूल वालिया ने की। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय अध्यक्ष छबील दास सैनी ने जिलाधिकारी को 27 सूत्रीय मांगों से अवगत कराते हुए बताया कि अभियंताओं की मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी मुख्यमंत्री को इन मांगों के संबंध में अवगत कराया जा चुका है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद अब तक शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
महासंघ ने घोषणा की कि 23 फरवरी 2026 को देहरादून में सभी अभियंताओं द्वारा विशाल रैली निकाली जाएगी और अपनी मांगों को लेकर सचिवालय का घेराव किया जाएगा।धरना-प्रदर्शन में विभिन्न घटक संघों के प्रांतीय, मंडलीय एवं जनपद पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अभियंताओं की मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री तक प्रेषित करने का आश्वासन दिया।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies