दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। ग्राम सिमलोनी में स्थित एक हरे-भरे आम के बगीचे में दर्जनों फलदार आम के पेड़ों का अवैध कटान किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से पूरे क्षेत्र में रोष और चिंता का माहौल है। सूचना मिलते ही उद्यान सचल दल केंद्र, नारसन के प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां बड़े पैमाने पर पेड़ों के पातन की पुष्टि हुई।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि मंगलौर निवासी व्यक्तियों के नाम दर्ज है। निरीक्षण के दौरान बगीचे में खड़े लगभग एक सौ छप्पन आम के वृक्ष पूरी तरह काटे जा चुके थे। मौके का दृश्य देख अधिकारियों ने भी गंभीर चिंता जताई।
अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया आशंका है कि उक्त भूमि पर भविष्य में आवासीय कॉलोनी विकसित करने की योजना के तहत सुनियोजित तरीके से पेड़ों का कटान किया गया है। यदि यह आशंका सही पाई जाती है तो यह न केवल पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन है, बल्कि हरित क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने की बड़ी साजिश भी मानी जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग द्वारा मंगलौर कोतवाली को प्रार्थना पत्र भेजकर वृक्ष संरक्षण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।इस संबंध में मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि उद्यान विभाग से उन्हें लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले ही हरित क्षेत्र लगातार कम हो रहा है, ऐसे में फलदार और छायादार पेड़ों का अवैध कटान पर्यावरण संतुलन पर गंभीर प्रहार है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।
फिलहाल पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच जारी है। यदि अवैध कटान की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।वहीं दूसरी ओर वन विभाग ने कारवाई करते हुए आम की लकड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली को जप्त किया है
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies