दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। साकेत कॉलोनी स्थित हरमिलाप धर्मशाला में रविवार को भागीरथ शाखा के तत्वावधान में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्णकालिक प्रचारक ईश्वर दयाल ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू समाज की शक्ति उसकी एकता, संगठन और संस्कारों में निहित है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, तभी राष्ट्र सशक्त और समृद्ध बन सकता है।
वक्ता दीपक भारद्वाज ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने संगठन की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि संगठित समाज ही हर चुनौती का सामना कर सकता है।
चिन्मय मिशन की निदेशक सुदीप्त चैतन्य ने अपने विचार रखते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व को शांति और सद्भाव का संदेश देती है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
ओजस्वी वक्ता स्वामी शाश्वतानंद महाराज ने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि हमें अपने आचरण और व्यवहार से समाज में आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए।
कार्यक्रम संयोजक एवं नगर संघ संचालक जल सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन नगर व्यवस्था प्रमुख संजय कक्कड़ एवं रमेश द्वारा किया गया। सम्मेलन के दौरान भजन, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।इस अवसर पर सुदेश शर्मा, चंद्रप्रकाश बाटा, दीपशिखा शर्मा, अनुसुइया, रमेश, अजीत यादव, अनंत शर्मा, अनिल गोयल, तेजपाल, मनोज गिरी, राहुल शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए समाज को संगठित एवं जागरूक बनाए रखने का संकल्प लिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies