दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह दरगाह हज़रत साबिर पाक परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।आस्था से जुड़े इस पवित्र स्थल की गरिमा बनाए रखने के लिए मंगलवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
पिरान कलियर निवासी मोइन साबरी ने दरगाह परिसर में कुछ लोगों द्वारा रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने की शिकायत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की से की थी। शिकायत में कहा गया था कि कुछ असामाजिक तत्व धार्मिक स्थल की मर्यादा का उल्लंघन कर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत के बाद प्रशासन ने दरगाह परिसर में चेतावनी बोर्ड लगवा कर रील और वीडियो बनाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
इसके बावजूद भी कुछ लोग लगातार वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे थे।इसी क्रम में एसआई उपेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ दरगाह परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया और रील बनाने वालों को सख्त हिदायत दी गई की भविष्य में ऐसा करने वालो पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और श्रद्धालुओं ने भी इस कदम का स्वागत किया है।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि दरगाह की पवित्रता और श्रद्धालुओं की भावनाओं से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति धार्मिक स्थल की मर्यादा भंग करता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies