News

2/25/2026 7:54:47 AM

हरिद्वार का रास्ता पूछकर महिला से लाखों के जेवर ठगे-गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की घटना-भाजपा नेता की मां बनीं शिकार...

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार मोहल्ला राजपूताना निवासी पीड़ित महिला शहर के जाने-माने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं अनाज मंडी के बड़े व्यापारी की माता हैं।

बताया जा रहा है कि महिला शाम के समय पुरानी सब्जी मंडी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उनसे हरिद्वार जाने का रास्ता पूछा। महिला ने रास्ता बता दिया, तभी पीछे से आए दूसरे युवक ने बातचीत शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों युवकों ने महिला को बातों में उलझाकर अपने झांसे में ले लिया।

इसके बाद महिला को रिक्शे में बैठाकर रुड़की टॉकीज के पास ले जाया गया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, दोनों युवकों ने उसके गले से सोने की चैन, हाथों से कड़े और कानों से कुंडल उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामले की लिखित शिकायत गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अजनबियों की बातों में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies