दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। ग्राम बिझौली में देवभूमि सीएससी केंद्र पर औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर केंद्र सील में संचालित देवभूमि सीएससी सेंटर पर आज दीपक रामचंद्र शेट, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में कई गंभीर अनियमितताएँ पाई गईं, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि केंद्र पर शासन द्वारा निर्धारित दर सूची (Rate List) प्रदर्शित नहीं की गई थी। इसके अलावा नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था का अभाव था तथा आवश्यक सूचना बोर्ड एवं सेवा संबंधी विवरण भी प्रदर्शित नहीं किए गए थे, जो निर्धारित मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है।
निरीक्षण के दौरान केंद्र में कई आधार कार्डों की हार्ड कॉपी भी पाई गईं। नियमानुसार ऐसे दस्तावेजों को सुरक्षित प्रक्रिया के अंतर्गत ही रखा जाना चाहिए, लेकिन उनका खुले रूप में पाया जाना गंभीर लापरवाही माना गया।
उक्त अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट श्री दीपक रामचंद्र शेट के निर्देश पर देवभूमि सीएससी केंद्र, बीजौली को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। साथ ही संबंधित संचालक के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी जन सेवा केंद्रों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies