
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। शहर के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी रोहित कुमार को आगामी थंडरबोल्ट-टी10 क्रिकेट लीग 2026 में गुजरात टाइगर फ्रेंचाइजी टीम का कप्तान बनाया गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और परिवार सहित खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

रोहित कुमार ने बचपन से ही क्रिकेट की बारीकियां नवयुवक क्रिकेट अकादमी, नेहरू स्टेडियम रुड़की में सीखी। उन्हें मार्गदर्शन स्वर्गीय कोच श्री पंकज शर्मा और कोच देवेंद्र कुमार (पोलू) से मिला। अपनी मेहनत और निरंतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।

रोहित ने बताया कि पिछले 3-4 सीनियर राष्ट्रीय टी-10 क्रिकेट चैंपियनशिप सत्रों में उनके शानदार प्रदर्शन और अनुभव को देखते हुए गुजरात टाइगर फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी है। टी-10 फॉर्मेट में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और रणनीतिक समझ के चलते उन्हें टी-10 स्पेशलिस्ट खिलाड़ी के रूप में भी जाना जाता है।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय इंडिया टी-10 क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव राजीव यादव को दिया, जिनके मार्गदर्शन और विश्वास ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया।
थंडरबोल्ट-टी10 क्रिकेट लीग का आयोजन 10 मार्च से स्वर्गीय श्री पूरन चंद त्यागी क्रिकेट स्टेडियम, रुड़की में होगा। लीग के सभी मुकाबले फैनकोड ओटीटी ऐप और यूट्यूब पर लाइव प्रसारित किए जाएंगे।रोहित कुमार की कप्तानी में गुजरात टाइगर टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। रुड़की के इस युवा खिलाड़ी की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies