
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की।कोतवाली खानपुर क्षेत्र में होली पर्व के दौरान एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब लक्सर–पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाली पुलिया के निकट सीएनजी गैस से भरे दो भारी वाहन आपस में भीषण रूप से टकरा गए। घटना आज दोपहर करीब 1:10 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार तुगलपुर स्थित सीएनजी प्लांट से संबंधित दोनों वाहन पूरी तरह गैस से भरे हुए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद दो गैस सिलेंडरों से लगातार गैस रिसाव होने लगा, जिससे आग या विस्फोट की आशंका बढ़ गई।
सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से लगभग 200 मीटर पहले गोवर्धनपुर व खानपुर की ओर से यातायात पूर्ण रूप से रोक दिया। साथ ही फायर ब्रिगेड, आपदा नियंत्रण टीम और सीएनजी विशेषज्ञों को तत्काल बुलाया गया।

पुलिस ने घायल ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा गैस रिसाव को नियंत्रित कराया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से प्रारंभ कराया गया।
घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी लक्सर, प्रभारी निरीक्षक खानपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, गोवर्धनपुर चौकी इंचार्ज मय पुलिस बल तथा एफएसओ लक्सर अपनी टीम के साथ स्थिति सामान्य होने तक मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies