
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
भगवानपुर। क्षेत्र में वर्चस्व बढ़ाने और गुटबाजी के चलते हुई फायरिंग की घटना में हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 5 मार्च 2026 को ग्राम नन्हेडा अनंतपुर में जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर मोहित निवासी नन्हेडा अनंतपुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इस मामले में कोतवाली भगवानपुर में दीपू निवासी नन्हेडा अनंतपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि फायरिंग की यह घटना दो युवकों के गुटों के बीच आपसी रंजिश और क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई के कारण हुई।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर अवैध हथियारों के प्रयोग और फायरिंग की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई के क्रम में भगवानपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी दौरान पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान ग्राम पुहाना क्षेत्र से वंशराज पुत्र मीर कुमार निवासी नन्हेडा अनंतपुर को नन्हेडा से सरठेडी जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी हैपुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुकेश नोटियाल, कांस्टेबल अजय जोशी और कांस्टेबल अमर कुमार शामिल रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies