
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। अमित शाह के हरिद्वार कार्यक्रम के दौरान उस समय हलचल मच गई जब सुराज सेवा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उन्हें ज्ञापन देने के लिए हरिद्वार की ओर रवाना हुए। हालांकि पुलिस प्रशासन ने उन्हें मंगलौर में ही रोक लिया।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।सुराज सेवा दल के प्रदेश सचिव (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) मोहम्मद इंतज़ार ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था सवालों के घेरे में है। उनका कहना है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और अवैध खनन जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार और उसके प्रतिनिधि चुप्पी साधे हुए हैं।
इन मामलों को लेकर वे केंद्रीय गृहमंत्री को ज्ञापन देकर हस्तक्षेप की मांग करना चाहते थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें हरिद्वार जाने से पहले ही मंगलौर में रोक दिया।वहीं सुराज सेवा दल के प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र बिष्ट सुराज ने कहा कि प्रदेश में विपक्ष की भूमिका कमजोर नजर आ रही है, ऐसे में सरकार की नीतियों और कामकाज का विरोध करने की जिम्मेदारी सुराज सेवा दल ने अपने कंधों पर ली है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाकर स्थिति को शांत कराया। बाद में सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों ने अमित शाह के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दिया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और ज्ञापन को गृहमंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies