दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल कर दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सोशल मीडिया पर हवाई फायरिंग का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसे इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा था। इसी बीच थाना पिरान कलियर क्षेत्र के इमलीखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बादशाहपुर लक्सर निवासी एक युवक अपने साथियों के साथ उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को ब्लैकमेल कर दबाव बनाने के लिए उसके घर पहुंचा और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर फरार हो गया।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थानाध्यक्ष पिरान कलियर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अब्दाल शाह रोड के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
वहीं आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से चला हुआ खोखा भी बरामद कर लिया गया।एसएसपी हरिद्वार ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया फायरिंग करने वाले आरोपी मुराद अंसारी पुत्र मुर्सलीन निवासी नसीरपुर कला, दीपू सैनी पुत्र पपिन सैनी निवासी भोवापुर चमरावल और सुधांशु उर्फ ढोली पुत्र अजब सिंह निवासी बादशाहपुर थाना पथरी की गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।टीम में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, एसएसआई सुनील दत्त पंत,इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली, हैंड कॉन्स्टेबल संजय रावत,रविंद्र बालियान और कॉन्स्टेबल आबिद आदि शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies