News

3/9/2026 6:02:22 PM

यूजर चार्ज व व्यवसायिक कर वृद्धि के विरोध में व्यापारी लामबंद, नगर निगम के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::



रुड़की। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड, रुड़की की ओर से यूजर चार्ज, व्यवसायिक कर और भवन कर में वृद्धि को लेकर नगर निगम रुड़की के खिलाफ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम के रवैये पर नाराजगी जताते हुए व्यापारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी।

बैठक में बताया गया कि इससे पहले व्यापार मंडल की ओर से मुख्य नगर आयुक्त और मेयर को ज्ञापन देकर यूजर चार्ज और व्यवसायिक कर को समाप्त करने की मांग की गई थी, लेकिन नगर निगम की ओर से इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों का आरोप है कि नगर निगम ने जवाब में केवल सूचना के अधिकार जैसी सामान्य सूचना भेजकर मामले को टाल दिया, जो बेहद निंदनीय है।

व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि नगर निगम रुड़की आम नागरिकों और व्यापारियों की समस्याओं को समझने के बजाय मनमाना और दमनात्मक रवैया अपना रहा है, जिससे व्यापारियों में रोष बढ़ रहा है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि यूजर चार्ज और व्यवसायिक कर के विरोध में जल्द ही व्यापारी बाजारों से जुलूस निकालते हुए नगर निगम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए पहले ही ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। व्यापार मंडल के पदाधिकारी शहर के व्यापारियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उन्हें आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान करेंगे।

व्यापार मंडल ने कहा कि यदि नगर निगम ने व्यापारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो संगठन इस मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। साथ ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की, रुड़की विधायक, मुख्य सचिव उत्तराखंड, सचिव शहरी विकास और मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजा जाएगा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री नवीन गुलाटी, संयोजक रामगोपाल कंसल, जिला उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल, जिला महामंत्री आदर्श कपानिया, महानगर उपाध्यक्ष आकाश गोयल, महानगर महामंत्री कविश मित्तल, सिविल लाइंस अध्यक्ष विशाल वर्मा, वसीम राजा, रॉबिन जैन, मनोज मेहरा, रोहित कलर, भारत कपूर, विजय गोयल, पुलकित सिंघल, उमेश सिंघल, ऋषभ कपूर, सार्थक छाबड़ा, विकास बंसल, पंकज जिंदल और विक्रांत जैन सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies