
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। हरिद्वार पुलिस ने कार लूट की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए हरियाणा के एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई नेक्सोन कार भी बरामद कर ली है। आरोपी ने अपने शौक और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 की शाम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि तीन अज्ञात बदमाशों ने रोहित कुमार निवासी नगला ऐमाद, थाना मंगलौर की नेक्सोन कार (DL8C-BL-0846) लूट ली है। सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और वादी की निशानदेही पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

बताया गया कि कार लूटकर भागते समय आरोपियों ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे कार का आगे का टायर फट गया। तेज गति से वाहन आगे न बढ़ पाने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस ने मौके से लूटी हुई कार कब्जे में ले ली और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। डिजिटल साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी नीरज पुत्र नरेश निवासी मेहंदीपुर, थाना मुरथल जिला सोनीपत (हरियाणा) की पहचान की गई। पुलिस ने 15 मार्च को घेराबंदी कर उसे मंगलौर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ हरियाणा से हरिद्वार घूमने आया था। शराब पीने के दौरान दोस्तों से विवाद होने पर वे उसे छोड़कर वापस हरियाणा चले गए। दोस्तों को दिखाने के लिए कि उसके पास भी वाहन है, उसने रुड़की से किराये पर कार बुक की और गुड़ मंडी के पास चालक को धक्का देकर कार लूटकर फरार हो गया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी सोनीपत जिले के विभिन्न थानों में चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी हुई नेक्सोन कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली मंगलौर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies