News

16-03-2026 22:41:39

गंगनहर पुलिस का बड़ा खुलासा: अवैध असलहा फैक्ट्री पर छापा, 6 तमंचे व हथियार बनाने के उपकरण बरामद

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगनहर पुलिस ने अवैध असलहा बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में हथियार व उन्हें बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व पुलिस उपाधीक्षक रुड़की के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर 15 मार्च 2026 को सुनहरा सलेमपुर रोड स्थित जेपीएस टोटल सोल्यूशन वर्कशॉप में छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए आरोपी जावेद पुत्र ताहिर अहमद निवासी शक्ति मोहल्ला, रुड़की को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका पुश्तैनी काम खराद (मशीन वर्क) का है। इसी हुनर का फायदा उठाते हुए वह अपनी वर्कशॉप में मशीनों की मदद से डाई (फॉर्मा) बनाकर अवैध तमंचे और पिस्टल तैयार करता था। आरोपी ने लालच में आकर इस अवैध काम को शुरू किया।

पुलिस ने मौके से 6 अवैध तमंचे, एक अधबनी पिस्टल, एक अधबनी .22 बोर राइफल, विभिन्न बोर के पाइप, मैगजीन, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस सहित हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है और उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक दीप कुमार, मुनव्वर हसन, नवीन कुमार, पंकज कुमार, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि, हेड कांस्टेबल इसरार अली, कांस्टेबल नितिन, रवि कुमार व चालक लाल सिंह शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies