दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। रुड़की ब्लॉक के हीराहेड़ी गांव में पंचायत घर के निर्माण कार्य को लेकर अनियमितताओं का आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में प्रस्तावित पंचायत घर का काम शुरू कर दिया गया है। जबकि इसका ना तो कोई टेंडर किया गया है और नहीं इसकी जानकारी कहीं प्रकाशित की गई है। ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी सुमित कुमार ने जिलाधिकारी हरिद्वार से शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत हीराहेड़ी में पंचायत घर के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। जबकि पंचायत घर निर्माण के लिए नियमानुसार प्रमुख समाचार पत्रों में निविदा प्रकाशित की जानी चाहिए थी और ग्राम पंचायत भवन या अन्य सार्वजनिक सूचना पट्ट पर भी निविदा की जानकारी चस्पा की जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिना टेंडर प्रक्रिया पूरी किए ही ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया, जबकि यह स्पष्ट भी नहीं किया गया कि कार्य किस ठेकेदार को आवंटित किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार इस मामले में पूरी तरह से नियमों को दरकिनार कर धांधली की गई है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से करीब 15 दिन पहले ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। साथ ही निर्माण का नक्शा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) से भी स्वीकृत नहीं कराया गया है, जिससे यह निर्माण अवैध निर्माण की श्रेणी में आता है।
सुमित कुमार ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए निर्माण कार्य को रुकवाने और दोषी अधिकारियों व संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies