
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज के प्रांगण में वित्तीय जागरूकता और जिम्मेदार निवेश प्रथाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बंधन बैंक द्वारा आयोजित सेबी की वित्तीय साक्षरता पहल के अंतर्गत आर्ट फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन द्वारा ‘बंधन म्यूचुअल फंड’ के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यशाला में व्यक्तिगत वित्तीय योजना एवं बजट, म्यूचुअल फंड और इक्विटी निवेश की मूल बातें, वित्तीय धोखाधड़ी और घोटालों से बचाव, दीर्घकालीन धन सृजन तथा चक्रवृद्धि के महत्व जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जितेंद्र प्रसाद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी पूजा गुप्ता एवं प्राक्षी मल्होत्रा एवं विक्टर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यशाला के शुभारंभ से पूर्व महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्रवक्ता एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्राओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होती हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies