
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके पर छापा मारकर जुआ खेलते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ताश के पत्ते और 5000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर नशा, सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक गंगनहर मणि भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कर क्षेत्र में अभियान चलाया गया।पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मच्छी चौक के पास आजम पहलवान की मुर्गे की दुकान के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नौशाद पुत्र शफीक (35 वर्ष), जाबर पुत्र हासिम (30 वर्ष), इस्तकार पुत्र मुख्तीयार (29 वर्ष) और नदीम पुत्र खलील अहमद (24 वर्ष) निवासी मच्छी मोहल्ला, माही ग्रान, कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम में कांस्टेबल राकेश राणा, कांस्टेबल अजयवीर और हेड कांस्टेबल योगेश शामिल रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies