
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। आईआईटी रुड़की के इंस्टीट्यूट स्पोर्ट्स काउंसिल द्वारा आयोजित आईआईटी रुड़की हाफ मैराथन 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस मैराथन में विभिन्न श्रेणियों में 1300 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मैराथन में 21 किमी ओपन पुरुष, 11 किमी ओपन महिला), 11 किमी 50 वर्ष से अधिक पुरुष तथा 5 किमी 40 वर्ष से अधिक महिला जैसी विभिन्न श्रेणियां शामिल थीं। दौड़ का मार्ग लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम से पिरान कलियर तक और वापस निर्धारित किया गया, जो प्रतिभागियों के लिए चुनौतीपूर्ण और आकर्षक रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर ब्रजीव त्यागी द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर बल दिया।
प्रतिभागियों में लगभग 1000 पुरुष और 300 महिला धावक शामिल रहे, जो आयोजन की व्यापक और समावेशी भागीदारी को दर्शाता है। ओपन श्रेणी में पुरुष वर्ग में सत्यम हमीरपुर, बादल चौधरी ऊना ,प्रभु महतो कोटद्वार, महिला वर्ग ग्यारह किलोमीटर में सपना रघुवंशी, सोनीपत,अंजली सहारनपुर, मनीषा हरिद्वार रही। विशेष श्रेणी 50 वर्ष से अधिक पुरुष, 11 किमी में सुभाष चंद्रा,गोपाल कृष्णा,संजय सैनी रहे। विजेता विशेष श्रेणी 40 वर्ष से अधिक महिला, 5 किमी वीरिका सहारन,डॉक्टर सुमिता ऐरन, प्रवीण कल्याणी रहे।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह संस्थान निदेशक केके पंत के द्वारा संपन्न किया गया। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि देशभर से आए प्रतिभागियों की भागीदारी संस्थान के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक शेट ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करते हैं, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में क्रीड़ा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार पांडेय, प्रो. इंद्रवीर सिंह, प्रो. पी.के. झा, प्रो. नागेंद्र कुमार, प्रो. अजंता गोस्वामी, प्रो. भानु प्रकाश, प्रो. तरुण शर्मा, डॉ. मुकेश चौधरी, डॉ. आशीष, डॉ. प्रमोद, डॉ. हेमा पंत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies