
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। मनकमेश्वरी दुर्गा देवी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। सप्तम नवरात्रि के शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में माँ कालरात्रि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
मुख्य यजमान एस.के. वर्मा ने अपनी पत्नी पूनम वर्मा और सुपुत्रों अभिजीत व अभिषेक के साथ माँ कालरात्रि की विशेष पूजा संपन्न की। मंदिर के आचार्य सत्यम मिश्रा के सानिध्य में माता को पंचामृत से स्नान कराया गया, जिसके पश्चात उन्हें नवीन वस्त्र और सोलह श्रृंगार अर्पित किए गए।
पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आचार्य सत्यम मिश्रा ने बताया कि माँ कालरात्रि भयमुक्ति, दुख निवारण और संयम की प्रतीक हैं। इनकी उपासना से साधकों के जीवन से नकारात्मक ऊर्जा का समूल नाश होता है और सकारात्मकता का सृजन होता है। विशेषकर रात्रि पूजा से समस्त संकटों का अंत होता है।
मंदिर ट्रस्टी अनुज कुमार जैन ने जानकारी दी कि कल दुर्गाष्टमी के पावन पर्व पर प्रातःकाल भव्य हवन-यज्ञ, कंजका पूजन और विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समस्त महानगर वासियों से अपील की है कि वे इस धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करें।
संध्याकाल में महिलाओं द्वारा सामूहिक भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्ति के रस में सराबोर हो गया। आरती के पश्चात भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर रजनी, संगीता, रामकुमार, सुधीर शर्मा, अलका जैन, दीपा, ईशा, रेखा, सांची, क्रीश, यश, कीर्ति, वर्णिका जैन, कृष्णा, मनोज कुमार जैन,एड. नवीन जैन सहित समस्त जैन परिवार व अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies