News

25-03-2026 18:28:13

कलियर:: धंसी सड़क से हादसे का खतरा--प्रशासन बेखबर, बीच सड़क बना गहरा गड्ढा..

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। आस्था के प्रमुख केंद्र पिरान कलियर में इन दिनों श्रद्धालुओं (जायरीनों) की भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन इसी बीच रुड़की रोड स्थित पार्किंग के पास हज हाउस और दरगाह को जोड़ने वाली मुख्य सड़क धंसने से गहरा गड्ढा बन गया और लोगों की जान पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। सड़क के बीचों-बीच बने इस बड़े गड्ढे ने पूरे मार्ग को खतरनाक बना दिया है जिससे हर वक्त हादसे की आशंका बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार यह सड़क कलियर क्षेत्र की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है जहां से प्रतिदिन सैकड़ो की संख्या में जायरीन दरगाह की ओर आते-जाते हैं। ईद के बाद से यहां भीड़ और अधिक बढ़ गई है। ऐसे में सड़क का धंसना और बीच में गहरा गड्ढा बन जाना प्रशासनिक लापरवाही की बड़ी तस्वीर पेश कर रहा है।स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि यह गड्ढा पिछले काफी दिनों से बना हुआ है। लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक इसकी मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। न तो गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं, जिससे अनजान राहगीर और वाहन चालक सीधे खतरे की जद में आ रहे हैं।सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, ई-रिक्शा और पैदल चलने वाले जायरीनों को हो रही है। कई बार वाहन गड्ढे में फंसकर असंतुलित हो जाते हैं, जिससे छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं। रात के समय यह स्थिति और भयावह हो जाती है, क्योंकि गड्ढा दिखाई नहीं देता और दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद इस समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। यदि जल्द ही इस गड्ढे को नहीं भरा गया तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है,जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और तब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि जायरीनों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।फिलहाल, यह गड्ढा कलियर की आस्था और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies