
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। नवरात्र के पावन अष्टमी पर्व पर रुड़की शहर पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा में सराबोर नजर आया। घर-घर में मां दुर्गा के स्वरूप मानी जाने वाली नन्हीं कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया, वहीं मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने कंजक रूप में आई छोटी-छोटी कन्याओं के चरण पूजे, उन्हें हलवा-पूरी का भोग लगाया और उपहार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान कई स्थानों पर छोटे बालक भी हनुमान जी का रूप धारण कर पूजन में शामिल हुए, जिससे माहौल और अधिक भक्तिमय हो गया। पूरे शहर में “जय माता दी” के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।
घरों में पूजन के बाद श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों की ओर पहुंचे, जहां मां दुर्गा के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। दुर्गा चौक समेत प्रमुख मंदिरों में दिनभर भक्तों की भीड़ उमड़ी रही और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर अपनी मनोकामनाएं मां के चरणों में अर्पित कीं।
इस बीच, नेहरू स्टेडियम के समीप स्थित शहर के प्रसिद्ध मां दुर्गा मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया। मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाने के साथ-साथ रात्रि में आकर्षक रोशनी से जगमगाया गया, जिससे इसकी भव्यता और बढ़ गई। मंदिर प्रबंधक समिति के अनुसार, हर वर्ष की भांति इस बार भी विशेष सजावट की गई है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मंदिर परिसर में कीर्तन मंडलियों द्वारा मां दुर्गा के भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है। वहीं अष्टमी और नवमी के अवसर पर विशेष हवन, यज्ञ और पूजन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।पूरे दिन रुड़की में आस्था, उल्लास और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा, जहां हर घर और हर मंदिर में मां दुर्गा की आराधना की गूंज सुनाई देती रही।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies