

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। रुड़की के नेहरू स्टेडियम में फेडरेशन कप टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया।
टूर्नामेंट के संयोजक पूर्व विधायक एवं राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया और सभी अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के मुख्य कार्य अधिकारी उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन अमजद हुसैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस 33वीं चैंपियनशिप में देशभर के विभिन्न राज्यों—उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पूर्वांचल, पांडिचेरी, तमिलनाडु और लक्षद्वीप—से खिलाड़ियों ने भाग लिया है। पुरुष एवं महिला वर्ग दोनों के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे और तीन दिन बाद विजेताओं को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और खेल के प्रति अनुशासन व देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने स्वयं मैदान में उतरकर बैटिंग करते हुए टूर्नामेंट का शुभारंभ किया और टॉस कर मैच की शुरुआत कराई।
उद्घाटन मुकाबला जम्मू-कश्मीर और पांडिचेरी के बीच खेला गया, जिसमें पांडिचेरी टीम ने जीत दर्ज की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में राज्य मंत्री शादाब शम्स, हज कमेटी अध्यक्ष साकिब अहमद, भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड़, भारतीय टेनिस बॉल क्रिकेट महासंघ के राष्ट्रीय सचिव इमरान अहमद लहरी, कोच अवतार सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजीव तोमर एवं क्षेत्रीय पार्षद ताहिर अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies