
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। नगर निगम क्षेत्र में जारी यूनीपोल (Unipole) टेंडर-105 को लेकर स्थानीय ठेकेदारों और विज्ञापन व्यवसाय से जुड़े लोगों में असंतोष देखने को मिल रहा है। इस संबंध में नगर आयुक्त/सहायक नगर आयुक्त को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपकर टेंडर की शर्तों में बदलाव की मांग की गई है।
पत्र में बताया गया है कि वर्तमान में यूनीपोल टेंडर-105 के तहत जो शर्तें रखी गई हैं, वे स्थानीय ठेकेदारों के लिए अत्यधिक कठिन हैं। खासतौर पर टेंडर में तीन करोड़ रुपये वार्षिक अनुभव की अनिवार्यता को लेकर आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इतनी अधिक अनुभव सीमा होने के कारण स्थानीय छोटे और मध्यम स्तर के ठेकेदार इसमें भाग नहीं ले पा रहे हैं, जबकि बाहरी बड़े ठेकेदारों को इसका लाभ मिल रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी नजर आ रही है, जिससे निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि इसी तरह की शर्तें लागू रहीं तो शहर के छोटे व्यवसाय पूरी तरह से हाशिए पर चले जाएंगे।
पत्र में नगर निगम प्रशासन से मांग की गई है कि टेंडर की शर्तों में संशोधन करते हुए अनुभव की सीमा को घटाकर एक करोड़ रुपये (तीन वर्षों का) किया जाए, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय ठेकेदार इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें और उन्हें भी बराबरी का अवसर मिल सके।स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित निर्णय करेगा, जिससे टेंडर प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और न्यायसंगत बन सके।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies