
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। उत्तराखंड यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रणय प्रताप सिंह ने रुड़की बस अड्डे को सालियर शिफ्ट करने की प्रक्रिया पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस संबंध में उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को एक मांग पत्र सौंपकर इस निर्णय को तत्काल प्रभाव से रोकने की अपील की है।

प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि बस अड्डे का स्थानांतरण न केवल शहर की अर्थव्यवस्था को चोट पहुँचाएगा, बल्कि आम जनता के लिए भी भारी असुविधा का कारण बनेगा। उन्होंने मांग पत्र के माध्यम से मांग की की बस अड्डे के आसपास के सैकड़ों व्यवसाय पूरी तरह से अंतरराज्यीय बसों और यात्रियों पर निर्भर हैं। बस अड्डा हटने से स्थानीय व्यापारियों की कमर टूट जाएगी। रुड़की एक छोटा शहर है। बाहर से आने वाले यात्रियों को सालियर जैसे दूरस्थ स्थान से शहर के मुख्य हिस्से तक पहुँचने में समय और धन दोनों की बर्बादी झेलनी होगी।
आसपास के राज्यों से जो लोग रुड़की बाजार में खरीदारी करने आते हैं, सुगम यातायात न होने के कारण वे यहाँ आना बंद कर देंगे। महिला सुरक्षा का मुद्दा: रात के समय सफर करने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं के लिए शहर से दूर सुनसान इलाके में उतरना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जोखिम भरा होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि वर्तमान बस अड्डे को ही आइएसबीटी के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि यदि जगह का अभाव है, तो प्रशासन यहाँ स्थित वर्कशॉप को सालियर शिफ्ट कर सकता है, ताकि मुख्य बस अड्डा अपनी मूल जगह पर ही बना रहे और शहरवासियों को कोई परेशानी न हो।
इसी के साथ उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित की इस मांग को अनदेखा किया गया, तो यूथ कांग्रेस इसके खिलाफ आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।इस मौके पर मेला राम प्रजापति, विशु शर्मा, शिवांश, नदीम, इरफान, सलीम, आशीष, अभिषेक, शौर्य प्रताप आदि लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies