
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। वरिष्ठ नागरिक परिषद रुड़की का वार्षिकोत्सव होटल सेंटर प्वाइंट में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद अध्यक्ष विनोद शर्मा (राष्ट्रपति पुरस्कृत) द्वारा अतिथियों एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ किया गया।
सचिव डॉ. विकास गोयल ने परिषद की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि कोषाध्यक्ष बलराम गुप्ता ने आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा रखा। अपने अध्यक्षीय संबोधन में विनोद शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ जन अपने जीवन के खट्टे-मीठे अनुभव साझा कर न केवल स्वयं को हल्का महसूस कर सकते हैं, बल्कि जीवन को आनंदपूर्वक जी सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जीवन के इस पड़ाव में अकेलेपन से दूर रहकर आपसी मेलजोल बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर परिषद की वार्षिक पुस्तिका का अतिथियों द्वारा विमोचन भी किया गया। परिषद द्वारा वर्ष भर आयोजित पिकनिक, मेडिकल कैंप एवं अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई, जिनसे वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक जुड़ाव और आनंद प्राप्त होता है।
विशिष्ट अतिथि जिला न्यायिक विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री सिमरन कौर ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्य अतिथि नगर निगम मेयर श्रीमती अनीता अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठजन परिवार रूपी वृक्ष की जड़ों के समान होते हैं, जिनकी मजबूती से परिवार और समाज सुदृढ़ रहता है।
कार्यक्रम में समाज सेवा में अग्रणी चार वरिष्ठ जनों—90 वर्षीय दर्शन लाल नरुला, 84 वर्षीय एम.आर. अरोड़ा, प्रो. एम.आर. अरोड़ा तथा 82 वर्षीय डॉ. राजेन्द्र पाल—को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त परिषद परिवार के 86 वर्षीय महेन्द्र प्रताप, 81 वर्षीय सुभाष सरीन, 81 वर्षीय मुरारी लाल गुप्ता एवं प्रो. कमलेश चंद्रा को भी सम्मान प्रदान किया गया।
समाज सेवा में सक्रिय चंचल वाधवा, प्रो. नवनीत अरोड़ा तथा सीए पंकज गर्ग को भी सम्मानित किया गया। हेल्पेज इंडिया के श्री कृष्ण अवतार मिश्रा ने संस्था द्वारा देशभर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अलख नन्दीनी ने भजनों से समां बांधा। सीए पंकज गर्ग ने बांसुरी व ग़ज़लों की प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध किया। स्वर सम्राट दिलीप प्रधान ने सुरीले गीत प्रस्तुत किए, जबकि भावना सिन्धु ने भी भजन सुनाए। नाट्य कला के पुरोधा नरेंद्र आहूजा ने साम, दाम, दंड, भेद की नीति पर आधारित एक लघु नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक डॉ. मधुराका सक्सेना एवं सह-संयोजक हर्ष प्रकाश काला ने किया। इस अवसर पर परिषद परिवार के सैकड़ों सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे। अंत में सामूहिक दोपहर भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies