दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने शहर के लल्कुर्ती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सेना की वर्दी से मिलता-जुलता प्रतिबंधित कपड़ा बेचने के आरोप में एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान दुकान से करीब 400 मीटर सैन्य पैटर्न का कपड़ा बरामद किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोमवार को पुलिस ने लालकुर्ती स्थित गुरुदेव आर्मी स्टोर पर छापेमारी के दौरान करीब चार सौ मीटर सेना की वर्दी का कपड़ा बरामद किया। जिसकी खुले बाजार में बिक्री और खरीद सख्त रूप से नियंत्रित है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कपड़ा बिना वैध अनुमति के बेचा जा रहा था।
इसके बाद आरोपी दुकानदार ब्रह्मजोत पुत्र गुरदीप निवासी लालकुर्ती को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया। बताया गया है कि उक्त दुकान काफी पुरानी है जिसमें आर्मी जवानों से संबंधित सामान की बिक्री की जाती है। वहीं कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि दुकानदार ने उक्त कपड़ा दिल्ली के सफदरगंज बाजार से खरीदने की बात कही है इस मामले में सतर्कता एजेंसियों को अवगत करवा दिया गया है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies