दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
झबरेड़ा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव कुर्बान अली के आवास पर युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस दौरान युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी, विधानसभा मंगलौर अध्यक्ष गुलिस्तान तुर्क, विधानसभा उपाध्यक्ष शिवकांत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गुलफाम मलिक, नगर उपाध्यक्ष आयान अख्तर तथा प्रदेश सचिव साहबाज़ मुजमिल का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राव कुर्बान अली ने कहा, “जिस ओर जवानी चलती है, उसी ओर जमाना चलता है।” उन्होंने सचिन चौधरी एवं उनके पूरे पैनल को प्रदेश और जिले में मिली जीत पर बधाई देते हुए कहा कि यह जीत युवाओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
कार्यक्रम संयोजक राव बिलावर ने कहा कि युवा किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। नए पदाधिकारी संगठन को मजबूती देने के साथ मिशन 2027 को फतह करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी ने सभी समाज के लोगों से मिले समर्थन और प्यार के लिए आभार जताते हुए कहा कि यह स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता नियामुल बिजोली, राशिद अली, डॉ. नसीम, सुधीर पंवार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी युवाओं को शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक और जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी सहित सभी साथियों की जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। कार्यक्रम में ओमकार (ऊंचा गांव), हर्ष तोमर, सुहैल अली, समीर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies