
दैनिक रुड़की ब्यूरो...
काशीपुर। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद प्रदीप बत्रा का विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव घई के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री बत्रा का भव्य अभिनंदन किया गया।
बताया गया है कि उत्तराखंड सरकार ने कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को उधम सिंह नगर जिले का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया है। इसी क्रम में वे कुमाऊं मंडल के उधम सिंह नगर (रुद्रपुर) के दौरे पर हैं, जहां वे संगठन को मजबूत बनाने और वर्ष 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, मतदाताओं और आम जनता से संवाद कर रहे हैं।
इस दौरान उधम सिंह नगर जिले के विभिन्न शहरों और कस्बों में उनका जोरदार स्वागत किया जा रहा है। काशीपुर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव घई सहित काशीपुर के विधायक त्रिलोक सिंह चीमा एवं भाजपा के मेयर दीपक बाली, साथ ही भारतीय जनता पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के लोगों ने पहुंचकर खुशी जाहिर की और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदीप बत्रा को परिवहन मंत्री बनाए जाने से समाज में गर्व और उत्साह का माहौल है।
प्रदेश अध्यक्ष राजीव घई ने अपने संबोधन में कहा कि काशीपुर स्थित उनके निवास पर समाज के प्रबुद्ध जनों ने अल्प समय में एकत्रित होकर कैबिनेट मंत्री का सम्मान एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि 15 वर्षों की तपस्या के बाद समाज के विधायक को उत्तराखंड मंत्रिमंडल में स्थान मिला है, जिससे पूरे समाज में अपार खुशी का माहौल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री बत्रा अपने कार्यकाल में प्रदेश और समाज के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे।
वहीं कैबिनेट परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकार ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वे समाज के उत्थान और प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य करेंगे और हर वर्ग की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे।
इससे पहले मंत्री बत्रा के खटीमा, ऊधम सिंह नगर, हल्द्वानी और गदरपुर सहित कई शहरों में भी भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर राजीव परनामी (प्रदेश कोषाध्यक्ष), प्रवीण सेठी (जिला अध्यक्ष), गुरविंद्र चंदौक, प्रीत सिंह, चक्रेश योगराज, जसविंदर सिंह, काशीपुर के उद्योगपति पवन अग्रवाल, शरद गोयाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में समाज के लोगों ने एकजुट होकर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और मंत्री बत्रा को शुभकामनाएं दीं।


© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies