News

10-04-2026 17:54:53

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश का रोटरी क्लब रुड़की में आधिकारिक दौरा, सेवा कार्यों की सराहना


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। रोटरी इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने रोटरी क्लब रुड़की का आधिकारिक भ्रमण किया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों ने उन्हें वर्षभर में किए गए सामाजिक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी तथा आगामी योजनाओं से भी अवगत कराया। कार्यक्रम से पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने प्रीत विहार कॉलोनी स्थित आंबेडकर भवन में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया।

रामनगर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने कहा कि रोटरी 13 लाख से अधिक सदस्यों का एक विशाल वैश्विक परिवार है, जो विश्वभर में समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन की विभिन्न शाखाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और मानवीय सहायता जैसे अनेक क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।उन्होंने प्रीत विहार स्थित आंबेडकर भवन में स्थापित सिलाई केंद्र को महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी।

सहायक गवर्नर डॉ. अजय भार्गव ने उपस्थित सदस्यों को संगठन की रीति-नीति और उद्देश्यों की जानकारी दी तथा सेवा भावना को आगे बढ़ाने पर बल दिया। क्लब अध्यक्ष रीना नैथानी ने बताया कि वर्तमान कार्यकाल में क्लब द्वारा पौधारोपण, टीकाकरण, जरूरतमंद विद्यार्थियों को साइकिल वितरण, स्कूली बच्चों को बैग वितरण सहित अनेक सामाजिक कार्य सफलतापूर्वक किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों में क्लब के सदस्यों का पूर्ण सहयोग रहा।क्लब सचिव निधि शांडिल्य ने वर्षभर की गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। आगामी वर्ष के सहायक गवर्नर गगन सरीन ने कहा कि रोटरी क्लब महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सिलाई केंद्र के माध्यम से महिलाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें हुनरमंद बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि रोटरी जैसे विशाल संगठन से जुड़ना गर्व की बात है और इससे सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम का संचालन पूजा गुप्ता ने किया। अंत में सभी सदस्यों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं सहायक गवर्नर को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सुभाष सरीन, अल्का मित्तल, हर्ष प्रकाश काला, वंदना मोहन अग्रवाल, राजेश चंद्रा, सचिन गुप्ता, नीलम, एसके शर्मा, सर्वेश, मनोज जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies