
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 रामनगर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग तेज हो गई है। क्षेत्रीय पार्षद पंकज सतीजा ने इस संबंध में उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को पत्र सौंपा कर पुलिस चौकी निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।
पार्षद ने अपने पत्र में कहा है कि न्यायालय भवन के निकट अधिवक्ता परिसर के पास करीब 300 वर्ग फुट अनुपयोगी प्रशासनिक भूमि उपलब्ध है, जिसे पुलिस चौकी निर्माण के लिए उपयोग में लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आबादी लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बेहद जरूरी हो गया है।
पंकज सतीजा ने मंत्री से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी हरिद्वार को उक्त भूमि आवंटन के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि जल्द से जल्द पुलिस चौकी का निर्माण हो सके और क्षेत्रवासियों को बेहतर सुरक्षा मिल सके।
स्थानीय लोगों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि रामनगर में पुलिस चौकी बनने से अपराधों पर नियंत्रण लगेगा और आमजन को राहत मिलेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies